Saturday, August 8, 2009

ब्लड प्रेशर कम करता है चुकंदर

चुकंदर का स्वाद बहुत कम लोगों को भाता है लेकिन इसका जूस सेहत के लिए बहुत लाभदायक है। इससे काफी ऊर्जा मिलती है। आप इसे पीकर बिना थके लंबे समय तक व्यायाम कर सकते हैं। प्रतिदिन चुकंदर का एक कप जूस ब्लड प्रेशर को कम करता है और दिल के लिए भी फायदेमंद है। एक नए अध्ययन के बाद शोधकर्ताओं ने यह दावा किया है।

जर्नल आफ एप्लायड फिजियोलाजी की रिपोर्ट के मुताबिक, जूस के प्रभाव का असर देखने के लिए आठ स्वस्थ पुरुषों का चयन किया गया। इन्हें नियमित रूप से साइकिल चलाने को कहा गया। छह दिनों तक इन सभी को रोजाना चुकंदर का एक गिलास जूस दिया गया। उनसे धीरे-धीरे साइकिल चलाने को कहा गया। इस दौरान पाया गया कि इन लोगों ने कम आक्सीजन ली। इससे निष्कर्ष निकाला गया कि कम ऊर्जा खर्च करके मांसपेशियां उतना ही काम कर रही हैं। इससे सहनशक्ति 16 फीसदी बढ़ जाती है। यानी जो रोज एक घंटे की जागिंग करता है वो दस मिनट अधिक करने में सक्षम है। या फिर उतनी ही दूरी को ज्यादा तेजी से कम समय में तय कर सकता है। इससे प्राप्त कुछ परिणाम ठीक वैसे थे जैसे रोजाना प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को मिलते हैं। शोधकर्ता एंडी जोंस के अनुसार, आक्सीजन पर चुकंदर के प्रभाव से वह काफी उत्साहित हैं।

No comments: